आखिर गांवों में भी इंसान रहते हैं : सोलंकी
- Get link
- X
- Other Apps
आखिर गांवों में भी इंसान रहते हैं : सोलंकी
अलवर, राजस्थान। अलवर जिले की रेणी तहसील एवं पालड़ी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था की बदहाल स्थिति से आमजन और किसान गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र में बार-बार बिजली कटौती होने के कारण दैनिक कार्य, कृषि कार्य एवं अन्य आवश्यक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर पांच मिनट में बिजली गुल हो जाना यहां की सामान्य स्थिति बन चुकी है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यहां बिजली का होना और न होना लगभग समान हो गया है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या गांवों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं के साथ जीवन जीने का अधिकार नहीं है।
स्थिति इतनी गंभीर है कि कई स्थानों पर विद्युत पोलों की उचित व्यवस्था तक नहीं है तथा केबल अव्यवस्थित तरीके से लटकते हुए दिखाई देते हैं। दो खंभों के बीच ढीले तार और केबल मानवीय दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण दे रहे हैं, जिससे हर समय खतरा बना रहता है।
पालड़ी गांव निवासी एवं राष्ट्रीय युवा चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रणबीर सिंह सोलंकी ने कहा कि स्थानीय विद्युत विभाग की उदासीनता के कारण आम नागरिकों के साथ-साथ किसान भी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों को विभागीय स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा, बल्कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
सोलंकी ने मुख्यमंत्री एवं विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल चेतावनी दी जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार सुनिश्चित हो सके।
- Get link
- X
- Other Apps
Comments
Post a Comment