गौ-आधारित जीवन पद्धति को जनांदोलन बनाने का आह्वानः जगदीश मुखी --------- #पाॅजिटिव मीडिया

गौ-आधारित जीवन पद्धति को जनांदोलन बनाने का आह्वानः जगदीश मुखी --------- #पाॅजिटिव मीडिया 

• *‘गौधन दीपावली मेला 2026’ को राष्ट्रीय अभियान बनाने की तैयारी* 
• *गौ-संरक्षण, पर्यावरण और रोजगार सृजन पर होगा विशेष फोकस* 
• *स्वदेशी अर्थव्यवस्था और जैविक जीवनशैली को बढ़ावा देने की रणनीति* 
• *गौशालाओं को आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित करने पर मंथन* 
• *युवाओं और महिलाओं की भागीदारी से जनजागरण अभियान को मिलेगा विस्तार* 
• *गौ-आधारित नवाचारों और पंचगव्य उत्पादों की प्रदर्शनी होगी आकर्षण का केंद्र*


*नई दिल्ली।(आरजेएस  पाॅजिटिव मीडिया) राष्ट्रीय गौधन महासंघ के तत्वावधान में राजधानी दिल्ली के हौजखास स्थित ‘काउज़ोन’ परिसर में आगामी गौधन दीपावली मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1 नवंबर से 7 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन की रूपरेखा, जनसहभागिता, गौ-संरक्षण, स्वदेशी अर्थव्यवस्था तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न आयामों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में असम के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर जगदीश मुखी, राष्ट्र सेविका समिति की दिल्ली प्रांत संचालिका प्रोफेसर चारू भसीन कालरा, राष्ट्रीय गौधन महासंघ के मुख्य संयोजक विजय खुराना, नरेंद्र चावला, मदन लाल एन.सी. वाधवा तथा पूर्व विधायक राजेश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर जगदीश मुखी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की सांस्कृतिक और आर्थिक संरचना में गौ आधारित जीवन पद्धति का विशेष महत्व रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संकट, प्रदूषण और रासायनिक खेती से उत्पन्न चुनौतियों के बीच गौ-आधारित प्राकृतिक जीवनशैली एक प्रभावी विकल्प के रूप में उभर रही है। उन्होंने कहा कि गौ-धन की जिस प्रकार उपेक्षा हो रही है, आने वाले समय में दूध से ज्यादा अभाव गोमूत्र का होगा। गोमूत्र औषधिय दृष्टि से जीवनदायिनी है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान को जनांदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय गौधन महासंघ के मुख्य संयोजक विजय खुराना ने कहा कि गौधन दीपावली मेला 2026 केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार सृजन का व्यापक अभियान है। उन्होंने बताया कि गोबर आधारित उत्पाद, जैविक खेती, पंचगव्य, काउ डंग ब्रिकेटिंग मशीन तथा गौ-आधारित ऊर्जा मॉडल आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महासंघ का उद्देश्य गौशालाओं को आत्मनिर्भर आर्थिक मॉडल के रूप में विकसित करना है, जिससे लाखों लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।

प्रोफेसर चारू भसीन कालरा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ केवल एक पशु नहीं, बल्कि जीवन, प्रकृति और संवेदना की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गौ-संरक्षण का विषय सामाजिक चेतना, पारिवारिक संस्कार और पर्यावरणीय संतुलन से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सेवा, संवेदनशीलता और स्वदेशी जीवनशैली के प्रति जागरूकता को नई दिशा मिलती है।

बैठक में मेले के दौरान आयोजित होने वाली प्रदर्शनी, जनजागरूकता अभियान, स्वदेशी उत्पादों के प्रदर्शन, गौ-आधारित नवाचारों तथा युवाओं और महिलाओं की भागीदारी को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। आयोजनकर्ताओं के अनुसार यह मेला गौ-संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और स्वदेशी अर्थव्यवस्था को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगा।

Comments

Popular posts from this blog

आरजेएस के बोधि दिवस जागरण सप्ताह उद्घाटन में सामाजिक न्याय हेतु बुद्ध का वैज्ञानिक मार्ग उजागर

प्ले स्कूल के नन्हे मुन्ने बच्चों ने दिखाई गजब की प्रस्तुति.

प्रबुद्ध समाजसेवी रमेश बजाज की प्रथम पुण्यतिथि पर स्वास्थ्य चिकित्सा कैंप व भंडारे का आयोजन। #rjspbhpositivemedia