दिल्ली स्थित सोलंकी मार्केट में होली मिलन समारोह का भव्य एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन।
सोलंकी मार्केट में होली मिलन समारोह का भव्य एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन।
सोलंकी मार्केट, दिल्ली। प्रत्येक वर्ष की परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष 2026 में भी आरडब्ल्यूए द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न किया गया। कार्यक्रम का आयोजन द्वारका सेक्टर-3 स्थित मधु विहार के सोलंकी मार्केट प्रधान कार्यालय के सभा कक्ष में किया गया, जहां बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने एक-दूसरे को चंदन मिश्रित सुगंधित तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा परस्पर गले मिलकर एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द्र का संदेश दिया। वक्ताओं ने होली के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे आपसी प्रेम, सद्भाव और समरसता का पर्व बताया।
एडवोकेट राकेश कुमार ने युवाओं से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया। सोलंकी मार्केट के प्रधान हरिश्चंद्र राय ने सभी नागरिकों से शांति, संयम एवं शालीनता के साथ होली मनाने की अपील की।
समारोह के मुख्य आयोजक, फेडरेशन ऑफ साउथ एंड वेस्ट डिस्ट्रिक्ट फोरम के चेयरमैन तथा आरडब्ल्यूए के प्रधान रणबीर सिंह सोलंकी ने अपने संबोधन में होली के वास्तविक स्वरूप—उत्साह, उमंग और भाईचारे—को बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने समाज से आपसी मतभेद एवं कटुता समाप्त कर सामूहिक विकास एवं सामाजिक प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के समाजसेवी, विभिन्न आरडब्ल्यूए पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में सतबीर प्रधान, प्रेम मलिक, राम गोपाल सरोहा, राम अवतार शर्मा, प्रेम प्रभाकर, अशोक सिंह, ब्रजेश सोमवंशी, अशोक अग्रवाल, प्रमोद गोयल, हरिराज सिंह चौहान, सुरेश हुड्डा, प्रताप सिंह, दिनेश प्रसाद कुशवाहा सहित अन्य सम्मानित नागरिक शामिल रहे।
Comments
Post a Comment